संदिग्ध हालात में लखीमपुर खीरी के ससुर, दामाद की मौत
शाहजहांपुर। संदिग्ध हालात में लखीमपुर खीरी के ससुर और दामाद की मौत हो गई। दामाद ने बुधवार सुबह यहां जिला अस्पताल में और ससुर ने मंगलवार रात अपने गांव में दम तोड़ा। मृतक के भाई ने रिश्तेदार पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव कुतुआपुर निवासी 42 वर्षीय राजेश कुमार अपने ससुर पसगवां क्षेत्र के गांव पिपरौला निवासी 65 वर्षीय रामपाल के साथ 17 दिसंबर को थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर स्थित साले राजेश की ससुराल गए थे। राजेश की पत्नी काफी समय से मिश्रीपुर स्थित अपने मायके में थी। राजेश के ससुराल वालों से ससुर-दामाद ने बात की लेकिन वे बेटी को भेजने के लिए तैयार नहीं हुए। अगले दिन 18 दिसंबर को देर शाम दोनों लोग अपने-अपने घर को लौट गए। घर पहुंचने के दौरान दोनों के कदम लड़खड़ा रहे थे। 18 दिसंबर की रात करीब 10 बजे रामपाल की पिपरौला स्थित अपने घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जब यह बात राजेश के घर पहुंची तो राजेश के घर वाले भी घबरा गए क्योंकि मिश्रीपुर से लौटने के बाद से वह भी बेसुध था। राजेश को बुधवार तड़के करीब चार बजे यहां जिला अस्पताल लेकर उसके परिजन आए, जहां उसने सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के भाई सुनील ने आरोप लगाया कि मिश्रीपुर में उसके भाई व भाई के ससुर को कोई जहरीला पदार्थ दे दिया गया। इससे दोनों की मौत हो गई। राजेश का एक मासूम बेटा प्रवीण है। घटना के बाद से पत्नी धनदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।