फोटो-21,गांव नाहिल में मकान की रेलिंग से बंधे तार
फोटो-22,गांव नाहिल में जर्जर बिजली लाइन
नाहिल में जर्जर बिजली लाइन से खतरा
घरों की रेलिंग से बांध रखे हैं तार, हर वक्त होती है स्पार्किंग
अमर उजाला ब्यूरो
नाहिल/पुवायां।
गांव नाहिल में जर्जर बिजली लाइन से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हालत यह है कि गांव में कई स्थानों पर बिजली लाइन के तारों को घरों की रेलिंग से बांध रखा है। कई जगह तार इस कदर ढीले हैं कि उन्हें आपस में टकराने से बचाने के लिए बांस की खपच्चियां बांध दी गई हैं।
नाहिल में लगभग एक हजार मीटर बिजली लाइन बेहद जर्जर हालत में है। रोजाना ही कहीं न कहीं तार टूट कर गिरते रहते हैं, जिससे बिजली सप्लाई ठप हो जाती है। तार टूटने से गांव के लोग कई बार हादसे का शिकार होतेे-होते बचे हैं। शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे उपभोक्ता और गांव के लोग परेशान हैं। उपभोक्ता राजीव शुक्ला, अतीश पांडे, राकेश शुक्ला, अमित शुक्ला, देवकीनंदन, अरुण कुमार, हरिओम शुक्ला, अनूप कुमार, विनय आदि ने कहा कि अगर जल्द तार नहीं बदले गए तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
एक साल बाद भी नहीं हुआ कनेक्शन
पुवायां। नलकूप के लिए कनेक्शन की ओपचारिकताएं पूरी करने के बाद विभाग ने खंभा और ट्रांसफार्मर तो दे दिया लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी कनेक्शन नहीं किया है। परेशान किसान ने तहसील दिवस में पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव जलालपुर निवासी सत्यदेव वर्मा ने बताया कि उन्होंने नलकूप का कनेक्शन कराया था। बिजली विभाग की ओर से उन्हें पोल, तार, ट्रांसफार्मर आदि सामान एक वर्ष पूर्व मुहैया करा दिया गया जो उनके घर रखा है लेकिन अभी तक बिजली लाइन नहीं खींची गई है। एसडीओ गौरव शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जाएगी।