शाहजहांपुर। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वर्षाकाल में स्कूल-कॉलेजों में पौधरोपण के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में मंडलायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परिपत्र जारी किया है।
बरेली मंडल के आयुक्त डॉ. पीवी जगनमोहन ने कहा है कि बरसात के मौसम में रोपे गए पौधे आसानी से विकसित हो जाते हैं। इसके लिए अभी से तैयारी होनी जरूरी है। मंडलायुक्त ने संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) और सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) को पत्र भेजकर स्कूल-कॉलेजों के प्रांगण और चहारदीवारी के किनारे पौधे रोपित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पौधरोपण के फोटो भी उपलब्ध कराने को कहा है।
डीआईओएस डॉ. केएल वर्मा ने मंडलायुक्त के हवाले से बताया जिले के सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, माध्यमिक विद्यालयों की चहारदीवारी के किनारे गड्ढे खुदवाकर निकटतम नर्सरी से पौध की उपलब्धता अभी से सुनिश्चित कर ली जाए। डीआईओएस ने बताया कि पौधरोपण की तैयारी, रोपित पौधों को पानी देने, उनका रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए पांच-पांच बच्चों की टोली बनाकर उन्हें जिम्मेदारी साैंपी जाए।