शाहजहांपुर। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित शिक्षक आंदोलन में भाग लेने के लिए जिले से लगभग 2000 शिक्षक-शिक्षिकाएं रवाना हो गए। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्र, जिला मंत्री देवेश वाजपेयी, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी, रविंद्र पाल प्रजापति, डॉ. विनय गुप्ता व प्रांतीय संगठन मंत्री अर्चना तिवारी समेत सभी विकास खंडों के अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष रवाना हुए हैं।
इसके अतिरिक्त जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मंगरे लाल, विश्राम सिंह, ब्रजेश कुमार वर्मा, बेसिक शिक्षक संघ समेत अन्य शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों के नेतृत्व में भी बड़ी संख्या में शिक्षक दिल्ली के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। संवाद