शाहजहांपुर। गोरखपुर से वाया सीतापुर होते हुए शाहजहांपुर और बालामऊ से शाहजहांपुर के बीच चलने वाली दोनों पैसेंजर ट्रेनों में जल्द कोच बढ़ाए जाने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों पैसेंजर ट्रेन में सात-सात कोच हैं। डीआरएम स्तर से मंजूरी के बाद दोनों ट्रेन को 15-15 कोच का किया जाएगा। इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर दो के पूर्वी केबिन को तोड़ने का रास्ता भी साफ होने जा रहा है। इस केबिन की वजह से कई लोगों की जान तक जा चुकी है। रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार मालगोदाम साइड बुकिंग विंडो भी खोली जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के चीफ सेफ्टी ऑफीसर ने मंगलवार को शाहजहांपुर और रोजा स्टेशन का निरीक्षण किया था। इसके बाद चीफ पैसेंजर ट्रांसपोर्ट मैनेजर एमके सिंह ने भी शाहजहांपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। एसएस ओमशिव अवस्थी और स्टाफ के साथ बैठक की। यात्री सुविधाओं पर चर्चा के दौरान एसएस ने 55044/55045 गोरखपुर पैसेंजर और 54329/54330 बालामऊ पैसेंजर में कोच बढ़ाने की बात रखी। इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर दो पर पूर्वी केबिन की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में बताया और यात्री सुविधा के लिए मालगोदाम साइड बुकिंग विंडो खोलने की बात कही। यह भी बताया कि सभी स्टेशन पर पावर केबिन एसी हैं, जबकि शाहजहांपुर में एसी नहीं है। क्रॉसिंग नंबर 323 के लीवर, फ्रेम आदि के बारे में बताया। सीपीटीएम एमके सिंह ने स्टेशन पर यह सभी काम जल्द कराने का भरोसा दिया। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को डीआरएम के साथ हुई बैठक में भी शाहजहांपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिए सीपीटीएम ने डीआरएम एके सिंघल के साथ हुई बैठक में यह यह मामला उठाया। डीआरएम ने भी सभी जरूरी काम समय से कराने की बात कही है। उम्मीद है कि दोनों पैसेंजर ट्रेनों में कोच जल्द बढ़ाए जा सकते हैं। एसएस ओमशिव अवस्थी ने बताया कि यात्री सुविधाओं को लेकर कई और प्रस्तावों को भी मंजूरी मिल सकती है।