डम्मन नगला में बुखार से सास-बहू समेत तीन की मौत
जिला अस्पताल में भी मरीजों की संख्या नहीं हो रही कम
सभी वार्ड फुल, इमरजेंसी में डलवाए गए हैं अतिरिक्त बेड
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/कलान। जिले में बुखार का असर कम नहीं हो रहा है। बुखार से मौतों का सिलसिला जारी है। कलान क्षेत्र में बुखार से सास-बहू समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग बुखार से तप रहे हैं। इधर, जिला अस्पताल में भी बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या भी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
गांव डम्मन नगला निवासी अवधेश की पत्नी 23 वर्षीय श्रीदेवी को कई दिन से बुखार आ रहा था। 30 सितंबर को अचानक हालत बिगड़ गई और उसने घर में ही दम तोड़ दिया। परिवार के लोग श्रीदेवी का अंतिम संस्कार करने गए, तभी बुखार से पीड़ित श्रीदेवी की सास 75 वर्षीय रामादेवी ने भी दम तोड़ दिया। गांव के ही मंदराम की पत्नी 55 वर्षीय श्रीपति को भी कई दिन से बुखार आ रहा था। प्राइवेट अस्पताल से लेकर पीएचसी तक में दवा ली लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सोमवार सुबह श्रीपति ने भी दम तोड़ दिया। गांव में और भी तमाम लोग बुखार से पीड़ित हैं। गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप है, यहां सफाई के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। इधर, जिला अस्पताल में ओपीडी में डॉक्टरों के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थीं। पर्चा वाले बिंडो पर भी लोगों की भीड़ मौजूद थी। कुछ ऐसा ही हाल ट्रामा सेंटर का भी था। सारे के सारे स्ट्रैचर भरे पड़े थे। कुछ लोगों का इलाज फर्श की स्लैब पर हो रहा था। वार्ड में बेड फुल होने की वजह से अलग से बेड डलवाए गए हैं।