सीओ के छापे का असर, सिपाही लाइन हाजिर
पहले भी कई मामलों में चर्चा में रहा है सिपाही
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। सीओ के छापे में दो लोगों से बात करता मिला सिपाही सीओ की रिपोर्ट पर लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस मामले में अभी अन्य पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिर सकती है।
एसपी से पुवायां कोतवाली में दलालों के जमे रहने की शिकायत की गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों को एसपी ने गंभीरता से लिया था। इसी के तहत सीओ जितेंद्र सिंह ने 10 जुलाई को कोतवाली में अचानक मुआयना किया था तो सिपाही लाल बिहारी कोतवाली में दो लोगों से बात करता हुआ पाया। सिपाही को क्षेत्र भ्रमण पर होना चाहिए था, लेकिन वह कोतवाली में मौजूद था और जिन लोगों से बात कर रहा था वह न तो फरियादी थे और न ही किसी मामले में आरोपी। पूछताछ में पाया गया कि दोनों किसी मामले में पैरवी करने आए थे। इसके अलावा कोतवाली में अन्य लोग भी मौजूद मिले थे जो सीओ के वीडियोग्राफी शुरू कराते ही पिछले गेट से फरार हो गए थे।
सीओ ने सिपाही को कड़ी फटकार लगाते हुए इंस्पेक्टर से भी नाराजगी जताई थी। सीओ ने पूरे मामले की रिपोर्ट एसपी को भेजी थी। सीओ की रिपोर्ट पर सिपाही लालबिहारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सिपाही पहले भी कई मामलों को लेकर बेहद चर्चा में रहा है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी विनोद यादव ने सिपाही के लाइन हाजिर होने की पुष्टि की है।