शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र पर नव प्रवेशी विद्यार्थियों की परिचय सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि इग्नू की क्षेत्रीय उप निदेशक डॉ. रीना कुमारी ने कहा कि शिक्षा आजीवन चलने वाली प्रक्रिया है। इसीलिए विभिन्न परिस्थितियों में जिन लोगों की पढ़ाई छूट जाती है, उनको पुन: शिक्षा से जोड़ने के लिए इग्नू स्वर्णिम अवसर प्रदान करती है।
डॉ. रीना ने कहा कि इग्नू गुणवत्तायुक्त शिक्षा जन-जन तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी भी दी। प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र ने कहा कि आज की वैश्वीकृत दुनिया में वही देश शक्तिशाली है, जिसका ज्ञान अद्यतन है। नित नए ज्ञान की खोज हो रही है, ऐसे में हमारा सीखा गया ज्ञान जल्द ही पुराना हो जाता है। इसे अपडेट रखने की जरूरत है। केंद्र समन्वयक डॉ. प्रभात शुक्ल ने इग्नू पाठ्यक्रमों की सराहना कर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी बताया। इस अवसर पर सह समन्वयक डॉ. मीना शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व बीएड छात्राओं ने मां शारदा की वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। डॉ. अरविंद शुक्ल के संचालन में हुए कार्यक्रम मेें डॉ. प्रशांत अग्निहोत्री, राजकमल, अजीत मिश्र, राहुल शुक्ल, सुषमा मेहरोत्रा आदि का योगदान रहा।