72 घंटे पहले दी जाएगी रेल ट्रैक ब्लॉक की सूचना
लाइन नंबर एक पर 24 दिन बंद रहेगा ट्रेनों का संचालन
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन की लाइन नंबर एक को 24 दिन के लिए ब्लॉक करने की सूचना 72 घंटे पहले मिलेगी। रेल लाइन को बदलने के लिए रेल पथ विभाग ने यह ब्लॉक मांगा है। कंट्रोल ने अभी ब्लॉक को हरी झंडी नहीं दी है।
रेलवे स्टेशन पर लाइन नंबर दो को बदल कर इसकी औसत स्पीड 80 किमी प्रति घंटा की जा चुकी है। लाइन नंबर एक की औसत स्पीड अभी 30-35 किमी प्रति घंटा ही है। खन्नौज से स्टेशन तक रेल लाइन को बदला जाना है। इसके लिए 176 करोड़ के बजट का आवंटित किया गया है। पटरियां बदलने में करीब 24 दिन लगेंगे। रेल पथ विभाग ने कंट्रोल से ब्लॉक मांगा है। अभी ब्लॉक नहीं मिल सका है। हालांकि, लाइन नंबर एक को बदलने से पहले एहतियात के तौर पर लाइन को दोनों ओर टीन शेड लगाकर कवर्ड किया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक ओमशिव अवस्थी के मुताबिक अभी ब्लॉक की तिथि क्लियर नहीं है। इस बारे में कंट्रोल से 72 घंटे पहले सूचना दी जाएगी।