रोजा (शाहजहांपुर)। गन्ना विकास विभाग के सचिव ने अवैध रूप से चीनी मिल जा रहे गन्ने से भरी पांच ट्राली को अपने कब्जे में लिया है ट्रैक्टर चालक गन्ने की किसान बही पेश नहीं कर सका और ना ही उसके पास गन्ने के सट्टे की पर्चियां ही थीं। सचिव की तहरीर पर तीन लोगों को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ थाना आरसी मिशन में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार गन्ना सहकारी समित के सचिव गजेंद्र कटियार ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार सुबह राजमार्ग पर बरेली मोड़ के पास गन्ने से भरी पांच ट्रॉलियों को चेक किया लेकिन चालक सही जबाव नहीं दे सका उसके पास गन्ने के वैध प्रपत्र भी नहीं थे जिसके चलते उन्होंने ट्रॉलियों को अपने कब्जे में ले लिया। अनुमान है कि बरामद गन्ना माफिया का है।
थाना इंचार्ज गजेंद्र सिंह ने बताया कि सचिव से मिली तहरीर के आधार पर रजनीश निवासी गुमटा थाना मदनापुर, मेघपाल निवासी घनश्यामपुर थाना निगोही और कश्मीर सिंह निवासी अर्जुनपुर बरमौला सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ शुगर केन कंट्रोल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है