प्रेम प्रसंग में विलेन बने एक युवक ने प्रेमी युगल को कमरे में बंद कर दिया। बाद में काफी देर तक मचे शोर-शराबा के बाद पंचायत ने मामला रफा दफा कर दिया।
पुवायां के एक गांव का युवक गांव में ही दुकान चलाता है। दुकान के सामने रहने वाली किशोरी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। गांव का ही एक और युवक किशोरी से प्रेम की पींगे बढ़ाना चाहता था लेकिन किशोरी ने उसे फटकार दिया। किशोरी के व्यवहार के खिन्न युवक ने प्रेमी जोड़े पर निगाह रखनी शुरू कर दी। शुक्रवार को प्रेमिका के घर के लोग बाहर गए थे। मौका देख प्रेमी उसके घर घुस गया। प्रेमी युगल एक कमरे में बंद हुए तो खुन्नस रखने वाले युवक को मौका मिल गया। उसने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और गांव के लोगों को प्रेमी युगल के कमरे में बंद होने की बात बताई। थोड़ी ही देर में मौके पर तमाशबीन का जमघट लग गया। दोनों को कमरे से बाहर निकाला गया। काफी देर तक मचे हंगामे के बाद दोनों पक्षों की पंचायत में मामला रफा-दफा करने का फैसला किया गया। गांव में मामले की व्यापक चर्चा है। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।