तिलहर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव नवदिया धूसर में सोमवार सुबह शर्ट पर प्रेस लगाने के दौरान टेलर की करंट लगने से मौत हो गई। तसल्ली के लिए परिवार वाले उसे सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव नवदिया धूसर निवासी 40 वर्षीय जयेश पाल कपड़ों की सिलाई व मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार सुबह लगभग सात बजे वह घर के अंदर कमरे में बिजली की प्रेस से एक ग्राहक की शर्ट में प्रेस लगा रहा था। इसी दौरान किसी तरह से प्रेस में करंट उतर आया और वह प्रेस पकड़े-पकड़े उसी से चिपक गया। घटना के समय वह कमरे में अकेला था। बच्चे बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक कपड़े सिलाने को लेकर आ गया। उसने जब आवाज लगाई तब परिजनों ने देखा कि जयेशपाल प्रेस से चिपके हैं। यह देखते ही घर में कोहराम मच गया। बिजली लाइन बंद करके उन्हें उठाकर परिजन सरकारी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां जियन्ना के भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था, उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। पिता ख्यालीराम की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है।
मांगी दुआ, नहीं हुई कबूल
करवा चौथ पर जयेशपाल की लंबी उम्र के लिए पत्नी सुशीला ने रविवार को पूरे दिन भूखे प्यासे रहकर उसके दीर्घायु की कामना की, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस पति के लिए वह दीर्घायु की कामना कर रही है वह सिर्फ चंद घंटों का ही मेहमान है। यही सोच कर सुशीला फफक- फफक कर रो रही है। उसके सामने बेटी सुधा, बेटे अमरजीत, परमजीत की परवरिश की जिम्मेदारी अकेले आ गई है। बड़ी बेटी अभी आठ वर्ष की है और सबसे छोटा बेटा तीन वर्ष का है।