शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय और फुटबाल संघ के समन्वय से परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह स्टेडियम में चल रही प्रादेशिक सब जूनियर बालिका फुटबाल प्रतियोगिता बनारस ने जीत ली है। उसने फाइनल मुकाबले में गोरखपुर को टाई ब्रेकर में 3-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समापन पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
बुधवार को खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-एक गोल की बराबरी पर छूटी। इसके बाद रेफरी ने टाई ब्रेकर से निर्णय निकला, जिसमें बनारस की टीम ने एक के मुकाबले तीन गोल से गोरखपुर का पराजित कर विजेता होने का गौरव हासिल किया। इससे पहले मंगलवार को हुए सेमीफाइनल मैंचों में गोरखपुर ने आगरा को 2-1 से और बनारस ने कानपुर को 11-0 के भारी अंतर से पराजित कर फाइनल में पहुंची। रेफरी की भूमिका अयूब शाह, इफ्तिखार, राजा उल्लाह, रतन सिंह ने निभाई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने सभी सहयोगियों, टीमों के खिलाड़ियों और कोच के प्रति आभार जताया। समापन पर जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष ओम नारायण सक्सेना, सचिव दिलीप शर्मा, वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष सीपी यादव, मनोज कुमार, राजू, फैसल, जीशान, आरिफ नजमी, मून रोबिंसन, अजीत सिंह, गोपाल प्रसाद, अरविंद, मो. उजैर, मो.अनवर, पंकज कुमार आदि खेल प्रेेमी मौजूद रहे।
रोहित, साजन और अनुराधा ने जीती क्रासकंट्री रेस
शाहजहांपुर।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह स्टेडियम में जिला खेल कार्यालय की ओर से हुई पांच किलोमीटर क्रास कंट्री रेस में रोहित कुमार ने प्रथम, सनी पॉल ने द्वितीय, गजेंद्र सिंह ने तृतीय, महेश कुमार ने चतुर्थ और संतू ने पंचम स्थान हासिल किया। तीन किलोमीटर बालिका वर्ग में अनुराधा ने प्रथम, मेहर ने द्वितीय, संजना ने तृतीय, ममता ने चतुर्थ और शिल्पी ने पंचम स्थान हासिल किया। तीन किलोमीटर बालक वर्ग में साजनराज ने प्रथम, पुष्पेंद्र ने द्वितीय, गोविंद ने तृतीय, आमिर ने चतुर्थ और कुलदीप ने पंचम स्थान हासिल किया। विजेताओं को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने पुरस्कृत किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने आभार व्यक्त किया।