शाहजहांपुर। भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से पंडित मदनमोहन मालवीय मिशन अध्यापक और अध्यापन योजना के अंतर्गत अकादमिक लीडरशिप संबंधी कार्यशाला का आयोजन जीएफ कॉलेज में 20 जुलाई से किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 80 शिक्षक और प्राचार्य शामिल होंगे।
कार्यशाला के संबंध में बुधवार को जीएफ कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर अकील अहमद ने प्रेसवार्ता में बताया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एकेडमिक लीडरशिप एंड एजूकेशन मैनेजमेंट (क्लेम) के तत्वावधान में 26 जुलाई तक चलने वाली कार्यशाला में महाविद्यालयों के शिक्षकों और प्राचार्यों को शिक्षा से इतर लीडरशिप के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे महाविद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को जॉब के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने के भी टिप्स दिए जाएंगे। महाविद्यालय प्रबंधन क्षेत्र में महारत हासिल करने वाले अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कोर्स के डायरेक्टर प्रोफेसर एआर किदवई और असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. फायजा अब्बासी समेत अन्य विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ विद्वानों को आमंत्रित किया गया है।
प्राचार्य ने बताया कि आमंत्रित शिक्षाविद प्रतिदिन दो सत्रों में शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। प्रथम सत्र का उद्घाटन बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े दस बजे होगा। आयोजन समिति में डॉ. युक्ति माथुर, डॉ. सोहेल अख्तर नकवी और सैयद अनीस अहमद को शामिल किया गया है।