शाहजहांपुर। जनवरी से अब तक क्षय रोग से ग्रसित 1735 मरीजों ने टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जंग जीत ली है। नियमित दवा खाने के बाद मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जीने लगे हैं।
पिछले माह चले अभियान में मिले 124 नए मरीजों की दवा भी शुरू कर दी गई है। वहीं, सरकार ने पोषण भत्ता के रूप में मिलने वाली राशि को 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। एक व्यक्ति से दूसरे में फैलने वाले क्षय रोग के जनवरी से अब तक 8123 मरीजों का ब्योरा निक्षय पोर्टल पर अपलोड कर दवा शुरू की गई थी। विभिन्न मोहल्लों में स्थापित केंद्रों से मरीजों को आसानी से दवा उपलब्ध कराने के साथ उनकी निगरानी भी की जाती है। एसीएमओ डॉ. अंसार अली ने बताया कि जनवरी से अभी तक 1735 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि नौ से 20 सितंबर तक चले अभियान में 124 नए रोगी मिले हैं। उनका उपचार भी शुरू कर दिया है। इसके अतिरिक्त 635 मरीजाें को गोद लिया जा चुका है। बलगम परीक्षण में प्रदेश में शाहजहांपुर सबसे ऊपर है।
मरीजों को मिलने वाली सेवाएं
-जांच और इलाज। दवाएं। पोषण संबंधी सहायता। परामर्श।
रोग के लक्षण
-दो सप्ताह से अधिक खांसी आना और बुखार। बलगम में खून आना। भूख में कमी। वजन का कम होना। रात में पसीना आना। गले में गांठ (लिम्फनोड)। महिलाओं में बांझपन।
बलगम की जांच में टीबी की पुष्टि होने के बाद तुरंत ही निक्षय पोर्टल पर मरीज का पंजीकृत किया जाता है। जिले में काफी मरीज ठीक हुए हैं। सक्रिय मरीजों को नवंबर से पोषण के लिए एक हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर की जाएगी।
डॉ. आरके गौतम, सीएमओ