शाहजहांपुर। शहर की यातायात व्यवस्था में बाधा पैदा कर रहे सड़कों पर घूमने वाले दुधारूऔर आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने बुधवार को नगरपालिका परिषद में पशु पालकाें के साथ बैठक कर उन्हें कर्तव्यों का बोध कराते हुए कड़ी हिदायतें दीं। उन्होंने एक माह के अंदर शहरी क्षेत्र से सभी डेयरियां आबादी के बाहर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि कहा कि पशुओं के सड़क पर आने से अन्य लोगों को किसी तरह की असुविधा सहन नहीं की जाएगी।
बैठक में सदर कोतवाली, चौक कोतवाली और थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के तमाम पशु पालक, डेयरी संचालक मौजूद रहे। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर की आबादी बढ़ने के साथ वाहनों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इस कारण जन सामान्य को मार्गों पर निकलना कठिन हो रहा है। ऐसी हालत में जहां-तहां सड़कों पर घूमते आवारा जानवर और नदियों की ओर असमय जाने वाले भैंसों के झुंड समस्या को विकराल बना रहे हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि एक माह के अंदर सभी डेयरियां शहर के बाहर उचित ठिकानों पर शिफ्ट हो जानी चाहिए अन्यथा बाद में संबंधितों को नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो डेयरियां जिस नदी के नजदीक कायम हैं, उनके पशु उसी नदी तट पर ले जाएं क्योंकि दलेलगंज के पशु गर्रा और हुंडालखेल आदि मोहल्लों के पशु खन्नौत की ओर ले जाने पर शहर को क्रास करने के दौरान जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। सिटी मजिस्ट्रेट ने दिन में पशुओं को खुला नहीं छोड़ने और उन्हें स्कूल खुलने से पहले नदियों की ओर ले जाने के निर्देश दिए।