रेल पटरी में फ्रैक्चर, रोकनी पड़ी डुप्लीकेट पंजाब मेल
कई अन्य रेलगाड़ियां भी प्रभावित, यात्री हुए परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
डाउन लाइन पर शुक्रवार को रेल पटरी में हुए फ्रैक्चर की वजह से कई रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। डुप्लीकेट पंजाब मेल को ऐगवां स्टेशन पर रोकना पड़ा। पीछे आ रहीं रेलगाड़ियों की स्पीड पर भी फ्रैक्चर का असर हुआ। 11 बजे के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हुआ।
त्योहार के सीजन को लेकर रेलवे की प्राथमिकता संरक्षा और सुरक्षा के साथ समयबद्धता पर है। इस बीच गिरते तापमान की वजह से रेल ट्रैक में फ्रैक्चर के मामले सामने आने लगे हैं। शुक्रवार को डाउन लाइन पर किमी संख्या 1175/22-23 पर रेल ट्रैक में फ्रैक्चर हो गया। फ्रैक्चर के बारे में हरदोई पॉवर केबिन को जैसे ही पता लगा कंट्रोल को सूचना देकर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। डाउन- 13050 डुप्लीकेट पंजाब मेल को ऐगवां स्टेशन पर करीब 35 मिनट खड़ा रहना पड़ा। पीछे आ रहीं रेलगाडिय़ों की रफ्तार पर भी असर रहा। गैंग ने फ्रैक्चर दुरुस्त किया। इसके बाद यहां से ट्रेनों को कॉशन के साथ गुजारा गया।
------
रेलवे के गेट मैन से अभद्रता, धमकी दी
रोजा। रेलवे के गेट संख्या 318 के गेट मैन से बृहस्पतिवार रात अभद्रता की गई। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। गेट नंबर 318 पर बृहस्पतिवार रात रमेश कुमार नाम के गेट मैन की ड्यूटी थी। रात करीब साढ़े 10 बजे रमेश गेट बंद कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोग यहां से गुजर रहे थे। गेट बंद होता देख उन्होंने रमेश को हड़काया। इसके बाद भी रमेश ने गेट बंद कर दिया। इस पर उससे अभद्रता की और धमकी दी। रमेश ने इसकी सूचना पॉवर केबिन, कंट्रोल और आरपीएफ को दी है।