विद्युत विजिलेंस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला
ग्रामीणों से हाथापाई के बाद टीम वापस लौटी
38 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर। कोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव में बृहस्पतिवार तड़के बिजली चेकिंग के लिए पहुंची विजिलेंस टीम पर चेकिंग के दौरान ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम और ग्रामीणों के साथ हुई हाथापाई के बाद टीम वापस लौट आई। टीम के अधिकारियों ने 38 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की है लेकिन मारपीट की घटना का कोई उल्लेख नहीं किया है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे विजिलेंस टीम के अधिकारियों के साथ स्थानीय बिजली कर्मचारी लगभग आधा दर्जन चौपहिया वाहनों के साथ गांव बंथरा पहुंच गए। गांव में पहुंचते ही टीम के लोगों ने लोगों के घरों की वीडियोग्राफी शुरू कर दी। विद्युत चोरी को लेकर कटिया डालने बालों मे हड़कंप मच गया। लगभग एक घंटे तक गांव में चेकिंग अभियान चलाया जाने के दौरान गांव के लोगों की भीड़ लग गई। बताते हैं कि टीम में आए विभागीय वरिष्ठ अधिकारी अपने वाहन से जैसे ही वापस हुए तभी एक विभागीय कर्मचारी ने कुछ ग्रामीणों से ले देकर मामला निपटा दिए जाने की जब बात कही तभी ग्रामीण आक्रोशित हो उठे इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने गाली गलौज करते हुए कर्मचारी से हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते ग्रामीणों और टीम के कर्मचारियों के साथ जमकर बवाल हुआ मामला गंभीर होते देख टीम के कर्मचारी वापस हो गए।
उधर, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी मनीष चौबे ने बताया कि वह स्वयं टीम के साथ गांव गए थे विजिलेंस टीम गांव में जांच करने आई थी इस दौरान विभागीय कर्मचारी से किसी बात को लेकर गांव वालों से कहासुनी हो गई। एक ग्रामीण ने कर्मचारी पर हाथ भी उठा दिया। कहासुनी बढ़ जाने पर मामला शांत करा दिया गया। विजिलेंस टीम ने गांव के 38 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।