रेल क्रॉसिंग पर मरम्मत, नौ घंटे बंद रहा नेशनल हाईवे
डायवर्जन प्लान के साथ पास कराए गए हाईवे से वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
मीरानपुर कटरा। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित रेलवे के हुलास नगर रेल क्रॉसिंग पर मंगलवार को डाउन लाइन पर मरम्मत का काम किया गया। इस दौरान हाईवे पर करीब नौ घंटे तक वाहनों का संचालन बंद रहा। पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान के तहत वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से पास कराया।
नेशनल हाईवे के हुलासनगर रेल क्रॉसिंग पर रेलवे के तकनीकी दल ने मंगलवार सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक मरम्मत का काम किया। इस दौरान क्रॉसिंग को वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया। नौ घंटे तक हाईवे पर वाहनों का संचालन प्रभावित रहा। बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को वाया जैतीपुर होते हुए फतेहगंज पूर्वी में निकाला गया। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। किराये में रुपयों के साथ उनके समय की भी बर्बादी हुई।