शाहजहांपुर। राजनीतिक रंजिश में यादव जाति के लोगों की हो रहीं हत्याओं पर ठोस कार्रवाई न होने के विरोध में मंगलवार को अखिल भारत वर्षीय युवा यादव महासभा के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। एक शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह से मिला और उन्हें प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव समेत अन्य यादवों की हत्याओं के अन्य मामलों की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।
जिला अध्यक्ष कैलाश सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद से यादव जाति को लोगों को निशाना बनाकर हत्या की जा रही है। यूपी बार काउंसिल की नव निर्वाचित अध्यक्ष दरवेश यादव की हत्या इसका ताजा उदाहरण है। कहा 23 मई से अभी तक यादव समाज के 31 लोग मारे जा चुके है।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री सें अनुरोध किया गया कि हत्याओं को रोका जाए। हत्याओं की सीबीआई से जांच कराई जाए। इस मौके पर अशोक कुमार यादव, भूपेंद्र सिंह, विपिन यादव, अजय यादव, अखिलेश यादव, सर्वेश कमार यादव आदि शामिल रहे।