जलालाबाद/ तिलहर (शाहजहांपुर)। अलीगढ़ के टप्पल में ढाई साल की बच्ची की हत्या के विरोध में लोगों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर हत्यारोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
जलालाबाद में आरएसएस कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में नगर के तमाम युवाओं ने प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुरेंद्र कुमार को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि हत्यारोपियों के खिलाफ कड़े कानून के तहत कार्रवाई हो, मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में हो और दोषियों को फांसी की सजा दी जाए ताकि कोई भी दोबारा ऐसा कृत्य न करे। ज्ञापन देने वालों में निखिल गुप्ता, गोपाल गुप्ता, अभिषेक यादव, हिमांशु कुशवाहा, अभिषेक सक्सेना, आशीष अग्निहोत्री, सौरभ गुप्ता आदि शामिल रहे।
इधर, तिलहर में हाईवे तिराहे पर समाजसेवी डॉ. प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों लोग एकत्र हुए। अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि सभी धर्म के लोग हत्यारोपियों के खिलाफ है और इन्हें तत्काल फांसी दी जाए। प्रमोद मिश्रा ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध के लिए स्पेशल कोर्ट में तत्काल सुनवाई कर आरोपियों को सजा दी जाए। इसके बाद सभी लोग हाथों में कैंडल लेकर बेटी हम शर्मिंदा है तेरे कातिल जिंदा हैं, नारे लगाते हुए शहीद कुटी पहुंचे। यहां पर शहीद प्रतिमाओं के साथ बच्ची के फोटो के समक्ष कैंडल लगाकर सभी ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ललित यादव, सुबोध बाबू सक्सेना, मुनीश सिंह, शिवओम गुप्ता, सोनू सक्सेना आदि रहे।