शाहजहांपुर। बिना नोटिस और पूर्व सूचना के रविवार को कैंट बोर्ड ने कैंट इलाके में अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाना शुरू कर दिया। इससे यहां हंगामा हो गया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह भी पहुंच गए। बाद में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां भी आ गए। बिना पूर्व सूचना अतिक्रमण हटवाने को लेकर सपा जिलाध्यक्ष और सिटी मजिस्ट्रेट के बीच तकरार हो गई।
कैंट इलाके में कई स्थान ऐसे हैं जहां वर्षों से काफी लोग झुग्गी झोपड़ी डालकर रहते हैं। तमाम लोगों की दुकानें भी यहां बनी हुई हैं। कैंट की इस जमीन को कई बार सेना और कैंट बोर्ड ने अतिक्रमण मुक्त कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। रविवार को एक बार फिर से यहां अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया गया। रहने वाले लोगों को पहले से कोई सूचना नहीं थी। इसके चलते हंगामा हो गया। लोग अभियान का विरोध करने लगे। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने भी बिना पूर्व सूचना अभियान का विरोध किया। इनकी मांग थी कि कम से कम एक महीने का वक्त दिया जाना चाहिए। काफी हंगामे के बाद तय हुआ कि अतिक्रमण करने वालों को एक महीने का नोटिस दिया जाएगा। इस दौरान अतिक्रमण नहीं हटाने पर इसे बल पूर्वक ध्वस्त कर दिया जाएगा।