खेड़ा बझेड़ा (शाहजहांपुर)। जैतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बझेड़ा भगवानपुर में शनिवार की शाम एक सांड़ कुएं में गिर गया। सूचना पर रात करीब नौ बजे दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन कुआं में उतरने का साहस नहीं जुटा सके। इसी दौरान गांव के मुसीर अली अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और कुआं में रस्सी के सहारे उतरकर सांड़ को रस्सी बांध कर बाहर निकाला। उनके इस प्रयास की ग्रामीणों ने काफी सराहना की।
शनिवार शाम करीब 6:30 सांड़ कुएं में गिर गया। ग्रामीण रस्सी के सहारे उसे कुएं से निकालने में जुट गए। सफलता नहीं मिलने पर यूपी 100 को सूचना दे दी। रात करीब नौ बजे दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन कुएं में पानी होने के कारण उतरने का साहस न कर सके। उन्होंने सुबह होने का इंतजार करने को कह दिया। इसी बीच गांव के मुसीर अली अपने साथी ललई, याद अली और जियाउलहक के साथ मौके पर पहुंचे। जियाउलहक पुत्र जानशेर कुआं में उतर गया और सांड़ को रस्सी से बांध दिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से रात करीब बारह बजे साड़ को बाहर निकाल लिया।