तिलहर। शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय पहुंचे एसडीएम मोइन उल इस्लाम ने कार्यालय गेट पर पक्का निर्माण करके अतिक्रमण किए जाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल पुलिस बल बुलाकर अतिक्रमण हटवा दिया। अतिक्रमण हटवाने के साथ ही दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी।
एसडीएम मोइन उल इस्लाम दोपहर बाद ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की बारे में प्रभारी बीडीओ सीमा देवी से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ब्लॉक में कार्य समीक्षा के बाद जब एसडीएम जा रहे थे तभी उनकी नजर ब्लॉक गेट पर अतिक्रमण कर किए गए पक्के निर्माण पर पड़ गई। एसडीएम ने गाड़ी से उतर कर मौके पर ब्लॉक के अधिकारियों को बुलाया और जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कोतवाल अशोक पाल को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर बुला लिया और ब्लॉक कर्मचारियों व सफाई कर्मियों को लगाकर ब्लॉक गेट पर किए गए अतिक्रमण को तुड़वा दिया। एसडीएम की कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने प्रभारी बीडीओ से अतिक्रमण मुक्त जगह को कब्जे में लेकर सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।