न्यू जलपाईगुड़ी से दिल्ली जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस रास्ते में करीब डेढ़ घंटा खड़ी रही। इसके पीछे आ रही राज्यरानी एक्सप्रेस और जम्मूतवी एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अप लाइन पर कटरा-पीतांबरपुर के बीच मालगाड़ी का इंजन फेल होने से यह समस्या पैदा हुई।
न्यू जलपाईगुड़ी से दिल्ली जाने वाली अप-12523 जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शाहजहांपुर में स्टॉप नहीं है। यह ट्रेन लखनऊ से चलने के बाद करीब 300 किमी दूरी तय करके सीधे मुरादाबाद स्टेशन पर स्टॉप लेती है। बुधवार शाम इस ट्रेन ने समय से शाहजहांपुर स्टेशन पास किया। मीरानपुर कटरा पार करने के बाद पीतांबरपुर स्टेशन के पास अप लाइन पर मालगाड़ी का इंजन फेल होने की वजह से जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट को शाम करीब पांच बजे टिसुआ के पास रोक दिया गया। यहां ट्रेन 6:20 बजे तक खड़ी रही। बरेली से दूसरा इंजन लाया गया। इससे मालगाड़ी को अप लाइन से हटाकर ट्रैक क्लियर किया गया तब जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट को आगे रवाना किया जा सका। इस दौरान इसके पीछे आ रही अप-12453 राज्यरानी एक्सप्रेस और अप-13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा।