अवध-असम छह, 12 घंटे देरी से पहुंची सरयू-यमुना एक्सप्रेस
अप-डाउन की कई अन्य रेलगाड़ियां भी लेट, यात्री रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। कई रेलगाड़ियों का टाइम टेबल फिर से गड़बड़ाने लगा है। सोमवार को अप-डाउन लाइन की कई ट्रेनें देरी से पहुंची। अवध-असम एक्सप्रेस छह तो सरयू-यमुना एक्सप्रेस 12 घंटे देरी से पहुंची। इस दौरान यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे इन दिनों समय और संरक्षा पर काफी जोर दे रहा है। इसके बावजूद ट्रेनों की लेट-लतीफी जारी है। सोमवार को कई प्रमुख रेलगाड़ियां देरी से रहीं। इनमें अप-15909 अवध-असम एक्सप्रेस छह घंटे, 14649 सरयू-यमुना एक्सप्रेस 12 घंटे, 24369 त्रिवेणी एक्सप्रेस 3:30 घंटा, 14307 बरेली-प्रयास पैसेंजर डेढ़ घंटा देरी से चलीं। किसान एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, सीतापुर कैंट आदि रेलगाड़ियां भी सोमवार को देरी से रहीं। स्टेशन अधीक्षक ओमशिव अवस्थी ने बताया कि कुछ रेलगाड़ियां देरी से हैं। इस बारे में यात्रियों को लगातार जानकारी दी जा रही है।