पांच लाख रुपये से अधिक सालाना टर्नओवर वाले व्यापारियों का पंजीकरण कराने के लिए वाणिज्य कर विभाग की ओर से सोमवार को खिरनीबाग की रामचरण धर्मशाला में उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के सहयोग से एक दिवसीय मेगा पंजीयन शिविर लगाया गया। कैंप में सुबह से दोपहर बाद तक व्यापारी उमड़ते रहे। शिविर में 151 व्यापारियों ने पंजीकरण के आवेदन भरकर जमा किए। बरेली से आए विभाग के कार्यपालक संयुक्त आयुक्त रामकुबेर ने पांच व्यापारियों को मौके पर ही पंजीयन प्रमाण पत्र और टिन नंबर जारी किए।
गत सप्ताह व्यापार मंडल कंछल गुट के सहयोग से चौक की खत्री धर्मशाला में लगाए गए मेगा कैंप में एक सौ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। शिविर की सफलता से प्रभावित होकर वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर रमेश कुमार वैश्य और अमित मोहन ने इसी तरह का शिविर सदर बाजार क्षेत्र में लगाने के लिए व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ और नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता से सहयोग मांगा था।
व्यापार मंडल के बुलावे पर सुबह दस बजे से रजिस्ट्रेशन कराने के लिए व्यापारी शिविर में पहुंचने लगे। व्यापारियों की सुविधा के लिए अधिकारियों ने कैंप में कई काउंटर बनाकर वहां से आवेदन फार्म जारी करने, आईडी प्रूफ सहित अन्य अभिलेख जमा कराने, प्रमाण पत्र जारी कराने का काम एक साथ शुरू करा दिया। अफसरों समेत व्यापारी नेताओं ने पंजीकरण कराने के फायदे गिनाए। साथ ही भरोसा दिया कि जो व्यापारी किन्हीं कारणों से आवेदन नहीं कर पाए, उनके लिए अगला शिविर शीघ्र आयोजित किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर अमित मोहन के अनुसार आवेदन करने वाले शेष कारोबारियों को बहुत जल्द प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे।