जिले में अब तक 5097 अभ्यर्थी विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें 4234 अभ्यर्थियों का मूल्यांकन हो चुका है। इन्हें विभिन्न कंपनियों और उद्यमियों के माध्यम से सेवायोजित करने पर फोकस है। इसी क्रम में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में 15 कंपनियों ने शिरकत करने की स्वीकृति दी है। रोजगार मेले में भाग लेने को करीब 1300 बेरोजगार प्रशिक्षितों के आवेदन जमा हो चुके हैं। मेले की तिथि शीघ्र घोषित होगी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कौशल विकास मिशन की प्रगति समीक्षा बैठक में यह तथ्य सामने आए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम पुष्पा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का ट्रेड सहित विवरण जिले की वेबसाइट पर डाला जाए, ताकि सेवायोजक उनसे संपर्क कर रोजगार मुहैया कराएं। जिन प्रशिक्षित बैच का मूल्याकंन हो चुका है एवं प्रमाण पत्र लंबित हैं, उसके लिए शासन को पत्र भेजकर शीघ्र ही प्रमाणपत्र मंगवाएं। जनपद में मांग के अनुरूप प्रशिक्षण जैसे ड्राइविंग आदि का भी प्रशिक्षण शुरू कराने को कहा। बैठक में मिशन के जिला समन्वयक ईएच जैदी, जिला मैनेजर अवनीश कुमार, प्रधानाचार्य आईटीआई रोजा संतराम, आईटीआई पुवायां के प्रधानाचार्य अमित पटेल आदि मौजूद थे।