योग विज्ञान संस्थान की जिला इकाई ने वजन घटाओ-रोग भगाओ के सूत्र को लेकर शनिवार से सीतापुर नेत्र चिकित्सालय में दस दिवसीय विशेष योग शिविर आरंभ किया। इस अवसर पर संस्थान के जिला प्रधान अवधेश मणि त्रिपाठी ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कहा, मोटापा कई बीमारियों की वजह है। इससे छुटकारा पाने के लिए उन्होंने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।
शिविर में पहले दिन बड़ी संख्या में साधकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि अनियंत्रित वजन हृदय रोग, हाई ब्लडप्रेशर, गठिया, मधुमेह, दमा, कब्ज आदि कई रोगों को न्यौता देने के साथ ही व्यक्ति की कार्य क्षमता को भी प्रभावित करता है। सिर्फ बड़ों में ही नहीं, बच्चों में भी बढ़ता वजन चिंता का विषय है। औसतन 16 घंटे की लंबी दिनचर्या में अनियमित खानपान से यह समस्या तेजी से बढ़ रही है।
वजन घटाने के लिए उन्होंने सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक आहार चक्र पूरा करने की सलाह देते हुए कहा कि प्रकृति और मौसम के अनुकूल संतुलित मात्रा में कम बसा का भोजन वजन कम करने का पहला उपाय है। प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को बॉडी मॉस इंडेक्स के अनुरूप शरीर का वजन समायोजित करने में उपयोगी खान-पान और जड़ी-बूटियों से परिचित कराया गया।
शिविर का शुभारंभ सामूहिक ईश वंदना से हुआ। इस अवसर पर संस्थान के जिला उप प्रधान रामनिवास अग्निहोत्री, केंद्र प्रमुख ज्योति गुप्ता, उप केंद्र प्रमुख विपिन रस्तोगी, जवाहर लाल, तेजवीर गुप्ता, रवि कुमार, जीसी मिश्रा, रचना चांदना, प्रवीण मिश्रा, संजीव गुप्ता आदि ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया।