शाहजहांपुर। सीबीएसई की 10वीं का रिजल्ट शनिवार को घोषित हो गया। 12वीं की परीक्षा में पिछड़ने के बाद कैंब्रिज कांवेंट पुवायां ने 10वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर श्रेष्ठता साबित की है। कैंब्रिज के सर्वाधिक 47 छात्र-छात्राओं ने 10 सीजीपीए (कॅमुलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज) हासिल कर जिले मेें कामयाबी का परचम फहराया है। रॉयन इंटरनेशनल स्कूल और केंद्रीय विद्यालय-1 के 40-40 विद्यार्थियों ने 10 सीजीपीए हासिल कर दूसरा और केंद्रीय विद्यालय-2 के 33 विद्यार्थियों ने 10 सीजीपीए हासिल कर तीसरा स्थान पाया।
सीबीएसई 10वीं का परीक्षाफल निर्धारित समय से करीब एक घंटा बिलंब से आ पाया। इस बीच स्कूलों में छात्र-छात्राएं जुट गए थे, जैसे ही रिजल्ट कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दिया कि बच्चों में अपना रिजल्ट देखने की उत्सुकता बढ़ने लगी। रिजल्ट देखकर छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई देने लगे, खुशी से उछल-कूदते विद्यार्थियों ने स्कूलों में खूब धमाल मचाया। स्कूल संचालकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी बीच स्कूलों में पहुंचे अभिभावक भी बच्चों के साथ उनकी खुशियों में शामिल हुए और उन्होंने अपने-अपने बच्चों को गले लगाकर खुशी व्यक्त करते हुए बधाई दी और मिठाई से मुंह मीठा कराया।
इस बार सर्वाधिक ग्रेड प्वाइंट लेकर जिले में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले स्कूलों के अलावा तक्षशिला पब्लिक के 18 छात्राओं ने 10-सीजीपीए हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया। इसी तरह डान एंड डोना में 14, जवाहर नवोदय विद्यालय में छह, सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज में 14, डॉ. जीएल कनौजिया पब्लिक स्कूल में 14, बीएस पब्लिक स्कूल में 13, माधव राव सिंधिया पब्लिक स्कूल में नौ, एसएसएमवी में दो छात्र-छात्राओं ने 10 सीजीपीए हासिल किया।
स्कूल संचालकों, प्रधानाचार्यों ने बांटी मिठाई
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं का रिजल्ट आते ही खुशी में झूमते स्कूल संचालकों और प्रधानाचार्यों ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को मिष्ठान वितरित कर उन्हें बधाई दी। तक्षशिला पब्लिक स्कूल में निदेशक अरुण खंडेलवाल, प्रबंधक राज कुमार खंडेलवाल, डान एंड डोना में प्रधानाचार्य एके तिवारी, केवी-1 में प्रधानाचार्य श्रीवास्तव, केवी-2 में प्रधानाचार्य राम प्यारे, जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रधानाचार्य एके शुक्ल और वीके दीक्षित, माधव राव सिंधिया स्कूल में कानूनी सलाहकार नील जौहरी और प्रधानाचार्य पंकज श्रीवास्तव, बीएस स्कूल में प्रबंधक प्रह्लाद राय अग्रवाल, प्रधानाचार्य राजीव नयन श्रीवास्तव, डॉ. जीएल कनौजिया स्कूल में प्रधानाचार्य आरडी अग्रवाल, एसएसएमवी में प्रधानाचार्य जया आर कामत आदि ने मिठाई बांटी।