रोजा स्थित सीतापुर ब्रांच लाइन के प्लेटफार्म नंबर एक की ओएचटी लाइन पर आंधी के कारण पेड़ टूटकर गिर गया। इससे यातायात वाधित हो गया। ट्रेनों को अलग-अलग स्थानों पर रोक कर प्लेटफार्म नंबर दो से गुजारा गया। शनिवार सुबह 5:55 बजे ट्रैक साफ होने पर आवागमन सुचारु हुआ। उधर , बनतारा-उचौलिया के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने आवागमन बाधित हो गया। रात में पेड़ की टहनी छांटकर काशन देकर ट्रेनों को गुजारा गया।
प्लेट फार्म नंबर एक के पास स्थित हनुमान मंदिर के पास काफी पुराना बड़ा पेड़ खड़ा था। शुक्रवार रात आई तेज आंधी में यह पेड़ करंट से दौड़ने वाली ट्रेनों की लाइन ओएचटी पर गिर गया। मामले की सूचना कंट्रोल को दी गई। इसके बाद लाइन दुरुस्त करने का ऑपरेशन शुरू हुआ। ओएचटी लाइन काट दी गई। मौके पर रात में ही आरपीएफ, जीआरपी, गैंगमेन, सेक्शन इंजीनियर के कर्मचारी औजार लेकर पहुंच गए और लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया। इस दौरान आबदा एक्सप्रेस, सत्याग्रह, जनसेवा एक्सप्रेस, जनसाधारण, कामाख्या आदि ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकने के बाद प्लेट फार्म नंबर दो से गुजारा गया। लाइन दुरुस्त करने में लगे कर्मचारियों ने सुबह 5:55 बजे लाइन ओके की। इसके बाद ट्रेनों का संचालन विधिवत रूप से शुरू हुआ। उधर, बनतारा और उचौलिया के बीच भी पेड़ गिर गया। यहां भी रात में ही कर्मचारी पहुंचे और रेलवे ट्रैक को बाधित कर रहीं पेड़ की टहनी की छंटनी की और काशन देकर ट्रेनों का संचालन शुरू कराया। रोजा थाना परिसर में खड़ा पेड़ भी गिर गया।