शाहजहांपुर। अभिमुख संस्था के बैनर तले 29 जनवरी से पांच दिवसीय रुहेलखंड उत्सव का आगाज सोमवार शाम चार बजे होगा। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि डीएम अमृत त्रिपाठी अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। जश्न-ए-कल्चर महोत्सव के लिए विभिन्न प्रांतों की टीमों का आना शुरू हो गया है। वहीं महोत्सव के लिए गांधी भवन को बिजली की झालरों और क्रिएटिव वर्क से शानदार ढंग से सजाया गया है।
महोत्सव के मुख्य संयोजक सौरभ अग्निहोत्री ने बताया कि अखिल भारतीय नाट्य एवं नृत्य प्रतियोगिता के लिए आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट, मणिपुर, उड़ीसा, पंजाब, राजस्थान, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड आदि प्रांतों के 25 नाट्य दल, शास्त्रीय नृत्य एवं लोक कलाओं की टीमों के प्रतिभाग करने की स्वीकृति मिल चुकी है। टीमों का आना शुरू भी हो चुका है। छत्तीसगढ़, राजस्थान यूपी की कई टीमें यहां पहुंच चुकी हैं।
महासचिव आलोक सक्सेना ने बताया कि महोत्सव में आने वाले कलाकारों के लिए आवास और भोजन व्यवस्था बाबा विश्वनाथ यात्री निवास में की गई है। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से नृत्य और शाम पांच बजे से नाटकों का मंचन होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष आरएस माथुर ने बताया कि महोत्सव की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए गठित टीमों में संजीव गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, प्रमोद प्रमिल, सरताज अली, डॉ. प्रशांत अग्निहोत्री, काजी मोहम्मद आमिर, शशांक आनंद, आसिफ सलीम खां, अमन वर्मा, संकल्प अग्निहोत्री, कप्तान कर्णधार, अतीक अहमद आदि को शामिल किया गया है।
आज होंगे तीन नाटक
गांधी भवन में जश्न-ए-कल्चर महोत्सव के पहले दिन शाम छह बजे से छत्तीसगढ़ की टीम द्वारा नाटक एक और कौंतेय, कानपुर इप्टा की टीम द्वारा नाटक बेबी और सहारनपुर की टीम द्वारा सबसे बड़ा सवाल नामक नाटक का मंचन किया जाएगा।