शाहजहांपुर। ऑल इंडिया तनजीम उल्मा-ए-इस्लाम के बैनर तले स्थानीय मुस्लिमों ने रोहिंग्या मुसलमानों पर म्यांमार में हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए भारत सरकार से हस्तक्षेप किए जाने की मांग की है। इस संबंध में ईदगाह पर तकरीर हुई और बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया।
ईदगाह में जुटे मुसलमानों को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना इंकलाब मंसरी, पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी, ईदगाह प्रबंध समिति के अध्यक्ष राहत अली खां, संगठन जिलाध्यक्ष नजम खां, उपाध्यक्ष एससान उल हक आदि ने रोहिंग्या मुसलमानों के कत्लेआम पर चिंता जताते हुए उन्हें न्याय दिलाने की मांग की। कहा कि भारत को चाहिए कि वह म्यांमार सरकार से बात कर मुस्लिमों पर हो रहे अत्याचार को रोकने में मदद करे। राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में संयुक्त राष्ट्र संघ और इंटरनेशनल कोर्ट में भी में यह मुद्दा उठाने, इजरायल पर दबाव बनाकर हथियारों की बिक्री पर रोक लगाने, दूसरे देशों में रहने वाले शरणार्थियों को मानवता के आधार पर आर्थिक मदद करने आदि की मांग शामिल की गई है।