खुटार (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के कई गांव के किसान सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर अपनी गेहूं की फसल न बिकपाने के चलते आड़तों पर उसे औने पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं। फसल का निर्धारित मूल्य न मिलने पर किसानों ने डीएम को ज्ञापन देकर उनका इस समस्या की ओर ध्यान खींचा हैं। साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि शीघ्र सरकारी दर पर उनका गेहूं खरीदे जाने की व्यवस्था नहीं की गई तो वह लोग मतदान का बहिष्कार करेंगे।
गांव मैनिया मंडनपुर, महुआ पिमई, पुनौती खुर्द, पुनौती कलां, त्रिलोकपुर, कजरा, चकदहा, टोडरपुर तालुके, सुजानपुर, मंडनपुर कलां, वनछुलिया, चाठिया बलरामपुर, केएमसी फार्म, सिहुरा खुर्द कलां, मोहनपुर, रौतापुर खुर्द के कई किसानों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्रों का अता पता नहीं है। गेहूं खरीद में दलालों के कारण भारी घोटाला करने की नियत से कुछ नेताओं के चाटुकार हैंडलिंग ठेकेदार बन बैठे हैं और मनमानी पर उतारू हैं।
किसानों ने चेतावनी दी है कि गेहूं सरकारी रेट पर नहीं बिका तो वह लोग लोकसभा चुनाव के लिए मतदान नहीं करेंगे और आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन पर मनजीत सिंह, निशान सिंह, विमल कुमार, रामपाल, जसवीर सिंह, रामप्रकाश, बलकार सिंह, कमलजीत सिंह, जोरा सिंह सहित तमाम किसानों के हस्ताक्षर हैं।
किसानों का गेंहू समर्थन मूल्य पर नहीं बिक रहा इसकी जानकारी नहीं है। यदि इस तरह की कोई दिक्कत है तो क्रय केंद्र खुलवाकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। मैं स्वयं इसकी जानकारी लूंगा।
जेया अहमद करीम
डिप्टी आरएमओ