मिर्जापुर। ढाईघाट गंगातट पर चल रहे माघ मेले में वसंत पंचमी के पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। मेले में कल्पवास कर रहे साधु-संतों ने एक दूसरे को अबीर- गुलाल लगाकर उल्लास मनाया। इस बीच संतों ने धर्म ध्वजा उठाकर भगवान शिव की शोभा यात्रा निकाली और मेले की परिक्रमा की। बड़ी संख्या मे श्रद्धालुओं ने मनौती पूरी होने पर गंगा मइया को वस्त्र दान किया।
वसंत पंचमी पर खुशनुमा मौसम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मेले का आनंद लिया। महिलाओं ने गृहस्थी के साथ ही श्रंगार सामग्री, मिट्टी के बर्तन समेत अन्य जरूरी सामान की खरीददारी की। बच्चों ने चाट पकौड़ी और झूले, चरखी, मौत का कुआं, सर्कस आदि का आनंद लिया। संतों के पंडालों में हवन, यज्ञ, भजन, कीर्तन, कथा, भागवत आदि धार्मिक आयोजनों से मेला क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु कल्पवास कर मेले का आनंद ले रहे हैं।
डूब रहे श्रद्धालु को बचाया
मिर्जापुर। वसंत पंचमी पर बेरीकेडिंग से आगे निकलकर गंगास्नान कर रहे कीलापुर निवासी 25 वर्षीय सर्वेश पुत्र बाबूराम डूबने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर पीएसी की फ्लड टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोटर वोट से उसे बचा लिया। मेला मजिस्ट्रेट सीपी सरोज ने इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गोताखोरों और पीएसी को एलर्ट रहने के सख्त निर्देश दिए हैं, साथ ही श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया है कि वह गंगा में लगाई गई बैरीकेटिंग को पार न करें। इससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है।