शाहजहांपुर। महिला यात्री को प्रसव पीड़ा होने पर सुपरफास्ट अंत्योदय एक्सप्रेस को शाहजहांपुर स्टेशन पर स्टॉपेज देना पड़ा। जीआरपी एसआई रामकृष्ण की अगुवाई में कांस्टेबल सतीश बाबू और संजीव कुमार ने आनन-फानन में महिला को अस्पताल पहुंचाया। वहां उसने बेटी को जन्म दिया। मां-बेटे पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं।
बिहार प्रांत के जिला दरभंगा के थाना सदर के गांव गेहुनी बाजार सफेदी के रहने वाले पिंकू दास जालंधर से दरभंगा जाने वाली सुपरफास्ट अंत्योदय एक्सप्रेस में अपनी पत्नी चंचल (23) के साथ यात्रा कर रहे थे। इस ट्रेन का शाहजहांपुर स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं है। पिंकू दास की गर्भवती पत्नी चंचल को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। उन्होंने गार्ड को सूचना दी। गार्ड ने कंट्रोल और कंट्रोल ने पॉवर केबिन को बताया। पॉवर केबिन ने इस बारे में सूचना इंस्पेक्टर जीआरपी अरविंद पांडेय को दी। रविवार/सोमवार रात करीब दो बजे अंत्योदय एक्सप्रेस शाहजहांपुर पहुंची। इसे प्लेटफार्म नंबर पर स्टॉपेज दिया गया। आनन-फानन में जीआरपी ने गर्भवती चंचल को अटेंड किया। उनको एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इंस्पेक्टर जीआरपी ने बताया कि महिला ने बेटी को जन्म दिया है। मां-बेटी पूरी तरह से स्वस्थ बताए जा रहे हैं।