भाकियू ने बजाज चीनी मिल गेट पर जलाया गन्ना
बंडा। गन्ने का बकाया भुगतान नहीं होने से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बजाज चीनी मिल गेट के पास धरना प्रदर्शन जारी रखा और गन्ने जलाकर विरोध जताया।
बृहस्पतिवार को चीनी मिल गेट के पास चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान किसान रामकुमार की अध्यक्षता में हुई पंचायत में जिला उपाध्यक्ष मनदीप सिंह ने कहा कि कुछ समय पूर्व चीनी मिल पर धरना दिया गया था जिसमें चीनी मिल के अधिकारियों ने 13 जनवरी तक बकाया गन्ना भुगतान किसानों के खाते में भेजने का आश्वासन दिया था। किसानों के खाते में अभी तक रुपये न भेजकर मजाक किया गया है।
पंचायत के बाद किसानों ने मिल के सामने बंडा बिलसंडा मार्ग पर गन्ना जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला सचिव कुलदीप सिंह, सोवरन सिंह चौहान, अरविंद कुमार, बाबूराम, रामकुमार, रामसागर सहित तमाम किसान मौजूद रहे।