हाईटेंशन लाइन के करंट से अधेड़ की मौत, भाई झुलसा
मझिगवां/पुवायां। हैंडपंप के लिए बोरिंग कराए जाने की तैयारियों के बीच लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से छू जाने पर करंट से ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक का भाई झुलस कर घायल हो गया। इलाज के बाद उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
गांव मुड़िया कुर्मियात निवासी 55 वर्षीय श्रीपाल ने 30 जनवरी को गांव के ही नरेश कुमार से आवास के लिए जगह खरीदी थी। बृहस्पतिवार सुबह श्रीपाल अपने 30 वर्षीय भाई पांडे उर्फ नन्हेंलाल के साथ खरीदी गई जगह में हैंडपंप की बोरिंग कराने की तैयारी कर रहा था। बोरिंग मिस्त्री गांव का ही रहने वाला बाबू श्रीपाल से बिजली लाइन से दूर तिगुड़िया लगाने की बात कह कर घर चला गया। श्रीपाल अपने भाई नन्हेंलाल के साथ तिगुड़िया लगाने लगा। इसी बीच एक पाइप हाईटेंशन लाइन के तार से छू गया। जिससे पाइप में करंट आ जाने के कारण श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नन्हेंलाल गंभीर घायल हो गया।
नन्हेंलाल की चीख सुनकर आसपास के घरों से लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ ही 108 नंबर पर काल कर एंबुलेंस की मांग की। एंबुलेंस के पहुंचने पर नन्हेंलाल को बंडा सीएचसी पर भर्ती कराया गया। इलाज के बाद देर शाम उसे घर भेज दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और श्रीपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।