लाठी-डंडों से पीटकर वृद्ध की हत्या
रास्ते में कूड़ा डालने का विरोध करने पर बोला हमला
भाई और उसकी पत्नी को पीट-पीटकर किया बेदम
मृतक के भतीजे ने तीन सगे भाइयों पर लिखाई रिपोर्ट
एएसपी सिटी,सीओ सदर ने किया मौका मुआयना
अमर उजाला ब्यूरो
मदनापुर। क्षेत्र के गांव चमरपुर कला निवासी 60 वर्षीय सीताराम की रविवार सुबह कुछ लोगों ने रास्ते में कूड़ा डालने के विरोध में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। सीताराम हमलावरों से छोटे भाई और उसकी पत्नी को भी बचाने पहुंचे थे। जानकारी मिलने पर एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी, सीओ सदर बलदेव सिंह खनेड़ा ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
गांव चमरपुर कला निवासी सीताराम के दरवाजे के सामने रास्ते पर पड़ोसी विश्वनाथ के परिवार के लोग कूड़ा डाल देते थे। जिसका विरोध करने पर कई बार झगड़ा हुआ। बताते हैं रविवार तड़के फिर कूड़ा डाल दिया गया। सीताराम के छोटे भाई जंगीराम की पत्नी शारदा देवी उर्फ जमुका सुबह सात बजे विरोध करने के साथ ही सफाई करने के लिए झाडू़ लगाने लगी। इतने में ही विश्वनाथ घर से निकल कर गाली-गलौज करने लगे। इतने में जंगी राम भी आ गए। झगड़ा बढ़ते देख विश्वनाथ के भाई बीरबल और अंकित भी लाठी-डंडा लेकर पहुंच और जंगी लाल, शारदा देवी पर हमला बोल दिया। सीताराम अपने दरवाजे के पास अलाव ताप रहे थे। भाई और उसकी पत्नी को पिटते देख वह बचाने पहुंचे तो विपक्षियों ने उन पर हमला बोल दिया। सीताराम को तीनों ने इतना पीटा कि वह बेहोश हो गए। शोरशराब सुनकर ग्रामीणों के आ जाने पर हमलावर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीताराम को मदनापुर सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर एएसपी सिटी, सीओ सदर ने भी गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतक के भतीजे पेंटर बाबू पुत्र जंगी राम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विश्वनाथ, बीरबल, अंकित के खिलाफ धारा 304,323,504 के साथ एससी/ एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस ने विश्वनाथ को हिरासत में ले लिया है। मृतक सीताराम का एक बेटा मनोज दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में बतौर मजदूर काम कर रहा है। सीता राम की पत्नी जमुना देवी मनोज के साथ ही रह रही हैं। मृतक के बड़े बेटे पप्पू की 12 वर्ष पहले दिल्ली में ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी।
-------
दोनों लोगों के आमने-सामने मकान हैं, रास्ते पर कूड़ा डालने व कब्जे को लेकर विवाद था। मामले में मृतक के भतीजे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दिनेश त्रिपाठी, एएसपी सिटी