शाहजहांपुर। राजकीय इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत हाईस्कूल स्तरीय गणित और विज्ञान विषय का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया। शिविर का शुभारंभ प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने गणित शिक्षकों को आधुनिक विधि से छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वह गणित के कठिन प्रश्नों को सरल विधि से विद्यार्थियों को समझाकर उनमें विषय के प्रति रुझान पैदा करें। कहा: आमतौर पर बच्चे गणित जैसे विषयों से दूर भागते हैं, इसिलए उनमें विषय के प्रति व्याप्त भय को दूर कर पढ़ाना अधिक महत्वपूर्ण है। संयोजक सहायक लेखाधिकारी केके मिश्र ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। मास्टर ट्रेनर संजय शंकर मिश्र ने विज्ञान और गणित जैसे विषयों को प्रभावी और रुचिपूर्ण ढंग से पढ़ाने के लिए विभिन्न विधियों पर प्रकाश डाला।
इससे पूर्व प्रधानाचार्य ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। व्यवस्था में शैलेंद्र विक्रम सिंह, राजीव श्रीवास्तव, दीपक दीक्षित, संजय शंकर मिश्र आदि का योगदान रहा।