कुर्रिया कलां (शाहजहांपुर)। कांट-जलालाबाद रोड पर ददरौल मोड़ के पास सोमवार दोपहर 1:30 बजे ट्रक और टेंपो की टक्कर में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक है। चालक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
कांट के मोहल्ला पट्टी पूर्वी निवासी नौशाद मास्टर की पत्नी 38 वर्षीय गजाला अपनी 14 वर्षीय बेटी आतिफा, चार वर्षीय आलिजा, छह वर्षीय आरिबा के साथ टेंपो से शाहजहांपुर आ रहीं थीं। टेंपो में बरेली के थाना फरीदपुर के गांव बंजरिया निवासी 35 वर्षीय विजेंद्र व हरदोई के थाना मझिला निवासी 12 वर्षीय रवि भी अपने पिता शिवपाल के साथ था। दोपहर लगभग 1:30 बजे टेंपो जैसे ही रास्ते में केआर पेपर मिल के पास गांव बंजरिया निवासी विजेंद्र को बैठा कर शाहजहांपुर की ओर बढ़ा, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में टेंपो पर सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। पिपरौला चौकी इंचार्ज सुनील त्रिपाठी ने 108 एंबुलेंस के जरिये सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। रास्ते में टेंपो चालक ने दम तोड़ दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। घायलों में आतिफा और रवि की हालत गंभीर है। बाकी को मामूली चोटें आईं हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
एक में प्लास्टर, दूसरा हाथ भी जख्मी हो गया
टेंपो और ट्रक की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुई गजाला की बेटी आतिफा के बाएं हाथ में पहले से ही कच्चा प्लास्टर चढ़ा था। गजाला उसके हाथ में पक्का प्लास्टर चढ़वाने के लिए शहर में एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां लेकर आ रही थी तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में आतिफा का दाहिना हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसके चेहरे पर भी चोटें आईं हैं।
टेंपो ने साइकिल सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर
कांट। थाना कांट क्षेत्र के गांव सरथौली निवासी सत्यप्रकाश अपने 15 वर्षीय बेटे सूरज के साथ सोमवार सुबह आठ बजे साइकिल से रोजा से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में कांट क्षेत्र के गांव रसूलापुर के पास टेंपों ने टक्कर मार दी। इसमें सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पिता बाल-बाल बच गए। अन्य हादसों में कलान के गांव विक्रमपुर निवासी 52 वर्षीय शेर सिंह, कांट के गांव ददरौल निवासी 16 वर्षीय शिवांशु व हरियाणा के रोहतक के गांव आसन सापला निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र घायल हो गए।