कांट (शाहजहांपुर)। राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार चौहान ने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के सूत्र बताते हुए कहा कि इन पर अमल करने से वह लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। वह बुधवार को कॉलेज सभागार में आयोजित विद्यार्थी अभिविन्यास कार्यक्रम के शुभारंभ पर बोल रहे थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य ने सरस्वती मां के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर चित्र पर माल्यार्पण करके किया। छात्रा अंजलि, मोनिका, सपना और निशा ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार चौहान ने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के दस सूत्र बताए। कहा, जीवन में अनुशासन हो, जिंदगी की कार्ययोजना हो, सपनों को विस्तार दें, सफ लता के समय सारणी बनाएं, ज्ञान वर्धन हेतु समाचार पत्रों का अध्ययन करें, जुनून लगा कर प्रयास जारी रखें, खुद पर विश्वास करें, लक्ष्य के प्रति श्रद्धा एवं समय की कीमत जानें। डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने छात्र-छात्राओं को रसायन विज्ञान के जीवन में उपयोग की विस्तृत चर्चा की। डॉ. आरके गोस्वामी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अंग्रेजी विषयों की उपयोगिता के बारे में छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। डॉ. यशवीर सिंह ने औषधि पौधों के उपयोग के विषय एवं महाविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन समारोह रामेश्वर उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुशील कुमार शाक्य डॉ. अवधेश, डॉ. मोती चंद यादव, डॉ. मोती चंद्र यादव के अलावा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।