देवकली/ बंडा (शाहजहांपुर)। खेतों में ब्लेड के तार की बाड़ पर रोक लगाने की मांग को लेकर गांव नवदिया बंकी के देवस्थान के पुजारी संतोषदास तीन दिन से अपनी कुटी में आमरण अनशन पर डटे हैं, लेकिन किसी राजनेता और अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उनका हाल जान कर उनकी समस्या का समाधान कराने की दिशा में कोई पहल नहीं की है। इससे उनमें असंतोष और क्षेत्र के लोगों में रोष है।
क्षेत्र में ब्लेड वाले तारों से हो रही गौवंशीय पशुओं की मौत चिंता का विषय बना हुआ है। एक पखवाड़ा पूर्व ब्लेड के तार की बाड़ पर रोक लगाने की मांग को लेकर नवदिया बंकी में पुजारी संतोषदास आमरण अनशन कर रहे हैं। बाबा ने क्षेत्र भर में पर्चे वितरित कराकर लोगों से अनशन में सहयोग देने की अपील की है। आसपास के कई गांवों के लोग भी बाबा की कुटी पर पहुंचकर उन्हें अपना समर्थन दे रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने मौके पर जाने की जरूरत नहीं समझी है। संतोषदास ने कहा कि ब्लेड के तारों की बाड़ पर पाबंदी लगाने का आदेश जारी नहीं होने तक वह अनशन पर बैठे रहेंगे।