जलालाबाद (शाहजहांपुर)। तिकोला गांव के पास बहुगुल नदी पर पुल बनवाए जाने की मांग को लेकर शुरू हुआ धरना प्रदर्शन क्रमिक अनशन में तब्दील होकर दूसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को आंदोलन स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह ने आंदोलनकारियों से वार्ता की, लेकिन वह लोग नहीं माने साथ ही कहा कि यदि दो दिन के अंदर पुल निर्माण की दिशा में कोई कार्य आगे न बढ़ा तो बुधवार से वह लोग आमरण अनशन शुरू कर देंगे। दूसरे दिन तिकोला के रामनिवास, उइला के बाबा मुनेश दास व गांव थाथरमई के गेंदन लाल, लल्लू सिंह व दुर्गपाल समेत पांच लोग बैठे। आंदोलकारियों ने बताया कि इस बार पुल निर्माण की मांग पूरी होने के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा। बताया कि आमरण अनशन और बाद में वह लोग लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। आंदोलन स्थल पर कई गांवों के बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।