सोमवती अमावस्या आज, पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़
मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। सोमवार को माघ मेला ढाईघाट का प्रमुख पर्व मौनी/सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए गंगा तट पर देर रात तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला चलता रहा। पर्व पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गंगा नदी में गहरे स्थानों को चिह्नित कर वहां लाल झंडी लगा दी गई हैं।
मौनी अमावस्या पर्व की पूर्व संध्या पर गंगास्नान करने वाले हजारों श्रद्धालुओं का जन सैलाब गंगातट की ओर उमड़ रहा है। अनुमान है कि पर्व पर कल्पवासियों के अलावा लगभग दो लाख श्रद्धालु पतित पावनी गंगा मइया में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार मौनी अमावस्या पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त में मौन रहकर गंगा में डुबकी लगाने से मनुष्य के सभी पापों का नाश हो जाता है। इसी कामना से जिले के अलावा सीमावर्ती पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, बदायूं, एटा, इटावा, मैनपुरी आदि जिलों से हजारों श्रद्धालु मौनी अमावस्या पर्व की पूर्व संध्या में ही विभिन्न वाहनों से ढाईघाट गंगातट पर आ रहे हैं।
प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेले में लगाए गए थानों के पुलिस बल के अलावा सर्किल के कलान, परौर, अल्हागंज, जलालाबाद आदि थानों के प्रभारियों को फोर्स के साथ मेले में तैनात किया है।
एसएचओ मिर्जापुर सुधाकर पांडेय ने बताया कि पर्व पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए चार पुलिस टीमें बनाईं हैं। पुलिस की इन टीमों को यातायात व्यवस्था के साथ ही वाहनों की पार्किंग तक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।