शाहजहांपुर/रोजा। रेल ट्रैक, ओएचई लाइन मेंटीनेंस और स्लीपर बदलने के लिए बृहस्पतिवार को अप लाइन पर बरेली-मुरादाबाद के बीच मेगा ब्लॉक से यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ी। इस दौरान जम्मूतवी और जननायक एक्सप्रेस भी रद्द रही। कुंभ एक्सप्रेस को करीब एक घंटे रोजा में रोका गया। बाद में इस ट्रेन को चनहेटी होते हुए वाया चंदौसी के रास्ते पास किया गया। शाहजहांपुर-रोजा रेल सेक्शन से गुजरने वाली हिमगिरी एक्सप्रेस, गरीब रथ, जनसाधारण एक्सप्रेस भी प्रभावित हुईं। यात्रियों को ट्रेनों का काफी इंतजार करना पड़ा।
रेलवे ने मेगा ब्लॉक में इस बार कुछ बदलाव किए हैं। दरअसल, अब तक मेगा ब्लॉक रोजा से मुरादाबाद या फिर रोजा से लखनऊ के बीच हुआ करता था। इससे रेल यातायात बुरी तरह चरमरा जाता था। इसको देखते हुए इस बार मेगा ब्लॉक का तरीका बदलते हुए बरेली से मुरादाबाद के बीच ब्लॉक लिया गया। अगली बार अप लाइन पर बरेली से रोजा के बीच ब्लॉक लेकर ट्रैक मेंटिनेंस का काम होगा। बृहस्पतिवार दोपहर 12 से शाम चार बजे तक बरेली-मुरादाबाद के बीच ब्लॉक के दौरान अप जम्मूतवी और जननायक एक्सप्रेस रद्द रहीं। कुंभ एक्सप्रेस का रोजा जंक्शन पर इलैक्ट्रिक इंजन हटाकर डीजल इंजन जोड़ा गया। यहां ट्रेन करीब एक घंटे खड़ी रही। इसे यहां से 1:50 बजे रवाना किया जा सका। हिमगिरी, जनसाधारण और गरीब रथ देरी से होने की वजह से भी यात्रियों को परेशानियां झेलनी हुईं। अप जम्मूतवी, जननायक एक्सप्रेस से यात्रा के लिए रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों ने रिजर्वेशन भी कैंसिल कराए।
मालगाड़ी का इंजन फेल, एक घंटे रुकी कुंभ एक्सप्रेस
शाहजहांपुर/रोजा। अप कुंभ एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार शाहजहांपुर और रोजा रेल सेक्शन में दो घंटे अनावश्यक रूप से स्टॉप देना पड़ा। पहले यह ट्रेन एक घंटा रोजा जंक्शन पर खड़ी रही। यहां ट्रेन का इंजन बदला गया। बाद में ट्रेन को मीरानपुर कटरा में एक घंटा खड़ा रहना पड़ा। दरअसल, मीरानपुर कटरा में मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया था। दूसरा इंजन बरेली जंक्शन से यहां तक पहुंचने और इसे मालगाड़ी में जोड़कर ट्रैक क्लियर होने में एक घंटा लग गया। बाद में इस ट्रेन को चनहेटी होते हुए वाया चंदौसी पास किया गया।
बरेली-मुरादाबाद के बीच मेगा ब्लॉक से आधा दर्जन रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। कुंभ एक्सप्रेस को मालगाड़ी का इंजन फेल होने की वजह से मीरानपुर कटरा में रोकना पड़ा। इससे पहले इस ट्रेन का रोजा जंक्शन पर इंजन बदला गया था। अप जम्मूतवी और जननायक एक्सप्रेस के बृहस्पतिवार को रद्द करने की सूचना पहले से ही प्रचारित की जा रही थी।
प्रभाष राघव, एरिया मैनेजर रोजा जंक्शन