भंडारे के जरिये दिया एकता के पैगाम
बंडा विवाद शांत होने के बाद दोनों समाज के लोगों ने किया भंडारा
साथ-साथ बैठकर किया भोजन, मिलकर रहने की ली शपथ
डीएम, एसपी ने की थी साथ मिलकर भंडारा करने की अपील
फोटो-24
अमर उजाला ब्यूरो
बंडा। बंडा में 25 अगस्त को हिंदू और सिख समुदाय के बीच विवाद के बाद रविवार को दोनों पक्षों के लोगों ने नगर के शिव मंदिर परिसर में साथ बैठकर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और प्रेम सद्भाव के साथ मिलकर रहने की शपथ ली। डीएम अमृत त्रिपाठी और एसपी डॉ. एस चिन्नप्पा ने भंडारे के लिए पहल की थी। भंडारे में एसडीएम सत्यप्रिय सिंह और सीओ जितेंद्र सिंह भी शामिल हुए।
बंडा में 25 अगस्त को एक किशोरी को डंडा मार दिए जाने को लेकर दोनों समुदाय के लोगों के बीच बड़ा विवाद हो गया था। बवाल मामले में अब तक आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। सभी की जांच चल रही है। 27 अगस्त को डीएम, एसपी ने थाना परिसर में दोनों समुदायों की बैठक में सभी से प्रेम और भाईचारा बना कर रहने और मिलजुल भंडारा आयोजित करने की अपील की थी। बैठक में दोनों पक्षों के लोग गले मिले थे। साथ ही शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया था।
रविवार को बंडा के मुख्य चौराहे के पास स्थित सुनासिर नाथ शिव मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक चेतराम और दोनों समुदायों के लोग भारी संख्या में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद सभी लोगों ने शपथ ली कि आपस में प्रेम और भाईचारा बनाए रखा जाएगा। 16 और 17 सितंबर को नगर के गुरुद्वारा में और 18 और 19 सितंबर को गांव नानकपुरी के गुरुद्वारे में संत बाबा सुखदेव सिंह बरसी को दोनों समुदायों के लोग मिलकर मनाएंगे।
इस मौके पर अनिल कटियार, पवन कटियार, फतेहचंद्र वर्मा, अमरीक सिंह, धीर सिंह, गोरा सिंह, रघुवीर सिंह, पाल सिंह, रामभजन वर्मा, सतेंद्र यादव, उर्वेश कटियार, वीरपाल सिंह, रामसरन सिंह कपूरी, नीटू दीक्षित, अवधेश वर्मा, आलोक दुवे, अवनीश पाठक, रवि सिंह, रोहित सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।