शाहजहांपुर। डान एंड डोना कांवेंट में चल रही सदनवार क्रिकेट प्रतियोगिता यलो हाउस ने जीत ली है। उसने फाइनल मुकाबले में ब्लू हाउस को 47 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक फाइनल मुकाबला यलो और ब्लू हाउस के बीच हुआ, जिसमें यलो हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में पांच विकेट पर 139 रन बनाए, जिसमें दिव्यांश प्रताप सिंह ने शानदार 91 रनों का योगदान दिया। उन्हें मैन ऑफ दि मैच और मैन ऑफ दि सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया। दिव्यांश ने सभी मैचों में कुल 177 रन बनाए और नौ विकेट भी लिए। जवाब में ब्लू हाउस की पूरी टीम 92 रन बनाकर आउट हो गई। जसकीरत सिंह ने सर्वाधिक 22 रन बनाए।
समापन पर प्रबंधक आलोक अंचल, प्रबंध निदेशक अंशुल अंचल ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंपायरिंग अंशुल अंचल और सुबोध शुक्ला ने की। आयोजन में पारुल त्रिपाठी, सुजाता गुप्ता, केएस चौहान, डीपी पांडेय, फराज अहमद, महेंद्र रस्तोगी, भावना वाजपेयी, शरनजीत कौर, मीनू, एमन आदि का योगदान रहा।