शाहजहांपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में खिरनीबाग चौराहा स्थित शहीद स्तंभ के समीप स्वच्छता अभियान पर आधारित नुक्कड़ नाटक हार की मार खेला गया।
नुक्कड़ नाटक में मुख्य अतिथि तहसीलदार सदर सुभाष सिंह ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और दर्शकों का आह्वान किया कि वह नाटक में दर्शाई गईं बातों पर अमल करें और अपने, गली तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखें, ताकि स्वच्छ भारत मिशन का सपना पूरा किया जा सके। इससे पूर्व कलाकारों ने डॉ. आनंद प्रकाश मिश्र द्वारा लिखित और इरफान अहमद द्वारा निर्देशित नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया। नाटक के माध्यम से हैदर अली, हिमांशी, विजय कश्यप, चंदा, जमाल खां, आमोद कुमार, प्रशांत कुमार और लेखक डॉ. आनंद प्रकाश मिश्र ने स्वच्छता के साथ अशिक्षा, बेरोजगारी, नशा, जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण, किसानों की समस्याओं को भी बखूबी उठाया।