शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी पांच सितंबर को गांधी भवन प्रेक्षागृह में होने वाले पार्टी के जनपदीय सम्मेलन की तैयारी में जुट गए हैं। बिजलीपुरा स्थित सपा कार्यालय मेें मंगलवार को हुई बैठक में मुख्य अतिथि/प्रदेश सचिव दिनेश सिंह ने सम्मेलन में सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि जिलास्तरीय सम्मेलन सरकार के जन विरोधी फैसलों के खिलाफ संघर्ष करने की ऊर्जा देंगे।
प्रदेश सचिव ने कहा कि सम्मेलन में जितने अधिक सक्रिय सदस्य शामिल होंगे, प्रदेश हाईकमान का संदेश उतने ही अधिक कार्यकर्ताओं तक जाएगा। सक्रिय सदस्यों से ही संगठन के पदाधिकारी चुने जाने हैं और उन्हीं को विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जिले को दिया गया सक्र्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी एफआईआर कराकर योगी सरकार उनका मनोबल तोड़ने पर आमादा है, लेकिन सम्मेलन कार्यकर्ताओें के निकाय चुनाव जीतने के संकल्प को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि ईद के बाद सरकार की तानाशाही के खिलाफ रणनीति तय करके बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इससे पूर्व, जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव ने प्रदेश हाईकमान से मिले विभिन्न निर्देशोें के परिपत्र पढ़कर सुनाए।
विधायक शरदवीर सिंह और पूर्व मंत्री कोविद सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है क्योंकि पांच माह के शासन में जनता सरकार से तंग होकर अखिलेश यादव को उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। जिला उपाध्यक्ष आफाक अली खां के संचालन में हुई बैठक में महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा, अनवर अली, सैयद रिजवान अहमद, कपिल सिंह, पंकज वर्मा, फकीरे लाल वर्मा, डॉ. नवनीत यादव, हिमांशु वाजपेयी, मुनीश परिहार, विक्र्रांत चौधरी, इम्तियाज मंसूरी, ओम गुप्ता आदि ने विचार व्यक्त किए।